आखिरकार वह आखिरी दिन आ गया जब साल विदाई लेता है। आज 31 दिसंबर रविवार है। यानी साल 2023 का आखिरी दिन। चंद्र घंटे में ही साल 2024 का नया सवेरा होने जा रहा है। आने वाले साल से भारत के लोगों को विकास के लिहाज से काफी उम्मीदें हैं। वहीं 2023 हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा। लेकिन इस साल कई ऐतिहासिक घटनाएं देशवासियों के जेहन में लंबे समय तक यादों में बनी रहेंगी। नया साल नई उम्मीदें लेकर आता है तो बीता हुआ साल बहुत सीख देता हुआ जाता है । देश और दुनिया के लिए यह साल कई बेशकीमती पल समेटे गुजर जाएगा । साल 2024 का स्वागत करने के लिए पूरी दुनिया को बेसब्री से इंतजार है।कहा जाता है कि आप साल की शुरुआत जिस तरह से करेंगे आपका पूरा साल भी वैसा ही बीतेगा। भारत में नए साल का जश्न मनाने के लिए हजारों लोग जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा समेत कई शहरों में डेरा जमाए हुए हैं। साल 2023 में भारत से लेकर पूरी दुनिया में कई बड़ी घटनाएं घटीं। साल ने गुजरते-गुजरते इजरायल और हमास की जंग जैसे गहरे घाव देखे हैं तो कई ऐसे पल भी देखें हैं जिन पर गर्व किया जा सके। भारत के लिए ये साल बेहद खास रहा। भारत का नया संसद भवन सिल्क्यारा सुरंग में फंसे लोगों को बचाना और विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत की उपलब्धि बेहद खास रही है। वहीं बालासोर ट्रेन हादसा मणिपुर हिंसा और हिंसा के दौरान के वायरल हुआ शर्मनाक वीडियो ने देश को हैरान कर दिया। इस साल भारत ने चंद्रयान मिशन एशियन गेम्स और जी20 का आयोजन करके इतिहास रच दिया। 2023 में राजनीति, फिल्म और खेल जगत से कई हस्तियां हमसे बिछड़ गईं। आरआरआर गाने को मिला अंतरराष्ट्रीय ऑस्कर अवार्डस। 95वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत की धूम रही और एस एस राजामौली की फिल्म आरआरआर के गाने नाटु-नाटु को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में ऑस्कर अवॉर्ड मिला।
वहीं मोदी सरनेम पर की गई टिप्पणी के मामले में सुनवाई के बाद गुजरात की अदालत ने राहुल गांधी को सजा सुनाई। जिसके बाद उन्हें अयोग्य करार करते हुए संसद की सदस्यता छीन ली गई। इसके बाद उन्हें अगस्त में राहत मिली, जहां सुप्रीम कोर्ट ने फैसले पर स्टे लगाया और उनकी सदस्यता बहाल हुई। इस साल अप्रैल माह में, भारत चीन को पछाड़कर दुनिया में सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया है। नॉर्थ ईस्ट के तीन राज्यों में बीजेपी की सरकारें बनी। त्रिपुरा में चुनाव जीत कर बीजेपी काबिज हुई। मेघालय और नागालैंड में बीजेपी गठबंधन वाली सरकार का हिस्सा है। वहीं मई में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जबरदस्त जीत हासिल की। इसके जरिए एक बार फिर कांग्रेस की दक्षिणी राज्य में वापसी हुई। विपक्ष में मौजूद करीब 28 दलों ने मिलकर इंडियन नेशनल डेवलेपमेंट इंक्लूसिव अलाइंस बनाया। जिसे शॉर्टफॉर्म में इंडिया कहा गया। कांग्रेस नीत ये गठबंधन साल 2024 का चुनाव मिलकर लड़ सकता है। इस साल हुए वन डे वर्ल्ड कप में इंडिया भले ही जीत हासिल न कर सकी हो लेकिन अपनी परफॉर्मेंस से सबका दिल जीत लिया। इस टूर्नामेंट में भारत फाइनल के अलावा एक भी मैच नहीं हारा। वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले तक टीम इंडिया एक भी मैच नहीं हारी। लेकिन फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। दिसंबर की शुरुआत राजनीतिक मायने से काफी महत्वपूर्ण रही थी। दरअसल, 3 दिसंबर को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम के चुनावी परिणाम सामने आए थे, जहां तीन राज्यों में भाजपा को भारी बहुमत से जीत हासिल हुई थी। वहीं, तेलंगाना में कांग्रेस और मिजोरम में जेडपीएम पार्टी ने भारी बहुमत से जीत हासिल की थी। सुप्रीम कोर्ट ने 11 दिसंबर, 2023 को एक अहम फैसला सुनाते हुए कहा कि आर्टिकल 370 एक अस्थायी व्यवस्था थी, जिसे हटाए जाने का फैसला पूरी तरह संवैधानिक है। 13 दिसंबर को संसद भवन हमले के सालगिरह पर एक और बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। दरअसल, लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कुछ लोग अंदर कूद गए और कैन से पीले रंग का धुंआ छोड़ दिया। इसके बाद संसद की कार्यवाही के दौरान विपक्ष मोदी सरकार से संसद में हुई सुरक्षा में चूक को लेकर जवाब मांग रहा था। सदन में खराब व्यवहार के चलते दोनों सदनों में विपक्ष के 146 सांसदों को निलंबित किया गया। अब साल 2024 में एक बार फिर राजनीति की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सियासत का सबसे बड़ा इवेंट लोकसभा चुनाव होना है। दो बार केंद्र की सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार को हटाने के लिए विपक्षी इंडिया गठबंधन पूरा जोर लगाए हुए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में तीसरी बार हैट्रिक लगाने के लिए दावा ठोक चुके हैं।



