पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र की सरकार ने CAA के तहत नागरिकता देने का काम शुरू किया है. जिन लोगों को नागरिकता दी जा रही उनमें अधिकतर हमारे दलित भाई-बहन हैं, ओबीसी और पिछड़ी जातियों के लोग हैं. इन लोगों पर वहां तो जुल्म हुआ ही लेकिन वोटबैंक की राजनीति में डूबी यहां की कांग्रेस की सरकारों ने भी इन लोगों की कभी सुध नहीं ली. इन पर जुल्म करने में कोई कमी नहीं रखी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने आजमगढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित किया. उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को लेकर कहा कि कोई भी माई का लाल इस कानून को खत्म नहीं कर सकता. प्रधानमंत्री मोदी ने का कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने सीएए के नाम पर झूठ का पहाड़ खड़ा कर दिया. इन दलों ने यूपी सहित पूरे देश को दंगों की आग में झोंकने का पूरा प्रयास किया. इन लोगों ने सात दशकों तक हिंदू-मुसलमान किया. ये दल कह रहे हैं कि जब मोदी जाएगा तो सीएए को भी हटा दिया जाएगा. लेकिन मैं कहता हूं कि इस देश में अब कोई माई का लाल ऐसा नहीं है, जो सीएए को खत्म कर सके.



