चिन्यालीसौड़। अनोल मल्ली से बगोड़ी पुजारगांव व गोरुण पोखरी मार्ग निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया।
सोमवार को बड़ी संख्या में अनोल मल्ली, बगोड़ी पुजारगांव के ग्रामीण भडेश्वर देवता के मंदिर परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद वह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से 11 किमी सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं लेकिन शासन-प्रशासन उनकी मांगों की अनदेखी कर रहा है। कहा कि सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों को करीब 11 किमी पैदल चलना पड़ रहा है। कहा कि शीघ्र मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर विजेंद्र सिंह, देवेश्वर, मान सिंह, रोशनी रागड़, कुंवर सिंह बिष्ट, भगवती प्रसाद, सुनील राणा आदि मौजूद रहे। वहीं लोनिवि के ईई मनोज दास ने कहा कि पूर्व में पांच किमी सड़क बननी थी लेकिन जब सर्वे हुआ तो उसमें एक गांव और जोड़ा गया जिससे सड़क की लंबाई 11 हो गई। अब सड़क के निर्माण के लिए दोबारा से आगणन तैयार कर शासन को भेजा गया है। अब उसकी स्वीकृति का इंतजार है।



