देश भर में नया साल का जश्न शुरू हो गया है। लोग अपने-अपने तरीके से साल 2024 का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। इस समय उत्तर भारत में ठंड का सीजन चल रहा है वहीं दूसरी ओर पहाड़ों पर बर्फबारी भी हो रही है। कई दिनों से जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी है। हजारों लोग शिमला, मनाली, मसूरी, नैनीताल में नए साल का जश्न मनाने के लिए अपने-अपने ठिकानों पर जमा हो गए हैं। नया साल दस्तक देने को है। यही वजह है कि इस साल के खत्म होने और नए साल के स्वागत से पहले ही लोगों ने जश्न की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। देशभर में लोग छुट्टियां लेकर जश्न मनाने में जुट गए हैं। खास तौर पर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से लोगों ने सबसे ज्यादा रुचि पहाड़ों की तरफ दिखाई है। नए साल के जश्न का जोश कुछ इस कदर लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है कि हिमाचल प्रदेश के शिमला में ही करीब 5 लाख पर्यटकों की एंट्री अब तक हो चुकी है। इसी तरह पहाड़ी राज्यों के जितने भी हिल स्टेशन पॉइंट्स हैं वो सभी फुल हो गए हैं। होटलों में कमरे नहीं हैं और सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतार के बीच जगह नहीं है। पहाड़ी राज्यों में इन दिनों बर्फबारी का दौर चल रहा है। यही वजह है कि गर्म इलाके लोग सर्दी और बर्फ का मजा लेने के लिए पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं। नए साल के जश्न के लिए हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड के तमाम पर्यटन स्थलों पर सैलानियों का हुजूम उमड़ा पड़ा है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में भी बड़ी संख्या में पर्यटकों की आमद दर्ज की जा रही है। गुलमर्ग से लेकर अन्य पर्यटन स्थलों तक सैलानियों का सैलाब उमड़ रहा है। पहाड़ी राज्य और देवभूमि कहे जाने वाले उत्तराखंड में भी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। मसूरी, धनोल्टी, टिहरी से लेकर नैनीताल, कौसानी और लैंसडाउन में भी पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है। इसके साथ-साथ औली पर्यटकों का फेवरिट पॉइंट है क्योंकि यहां पर सबसे ज्यादा बर्फ देखने को मिलती है। ज्यादातर इलाकों में होटलों की बुकिंग लगभग फुल हो गई है।कोरोना वायरस के नए वेरिएंट को लेकर सरकारें भी अलर्ट मोड पर हैं। यही वजह है कि जश्न में किसी तरह की दिक्कत न हो इसको लेकर कोविड-19 एडवाइजरी भी जारी की गई है। ऐसे में चिकित्सा अधिकारियों को कोविड जैसे लक्षण वाले रोगियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को मास्क लगाकर भीड़ वाले इलाके में जाने की सलाह दी गई है।



