केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने उत्तराखंड की नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रकाश जोशी को 3,34,548 मतों से हराया। अजय भट्ट ने नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की । हरिद्वार सीट पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कांग्रेस के वीरेंद्र रावत को 1,64,056 मतों से हराकर पहली बार लोकसभा में जगह बनाई.पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट पर भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और पार्टी उम्मीदवार अनिल बलूनी ने उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी उम्मीदवार गणेश गोदियाल को 163503 वोटों से हराया। टिहरी लोकसभा सीट पर भाजपा की माला राज्य लक्ष्मी शाह ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जोत सिंह गुनसोला को 2,72,493 मतों से हराया। यह लगातार चौथी बार है जब पूर्ववर्ती टिहरी राजघराने ने इस सीट से जीत दर्ज की है। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट पर अजय टम्टा ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा को करीब 2 लाख वोटों के अंतर से हराया । अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सीट पर अजय टम्टा ने जीत हासिल करने के साथ ही जीत की हैट्रिक लगा ली है।वहीं प्रदेश में कांग्रेस 10 सालों से अपना खाता भी नहीं खोल पाई। कांग्रेस आलाकमान चुनाव के दौरान उत्तराखंड को लेकर सुस्त रहा। राहुल गांधी ने प्रदेश में एक भी रैली नहीं की। उत्तराखंड में प्रचार के दौरान प्रमुख कांग्रेस नेताओं की गैर मौजूदगी हार के मुख्य कारणों में से एक रही है। इससे पार्टी कार्यकर्ता निराश हुए । राष्ट्रीय नेताओं में सिर्फ प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तराखंड में कुछ चुनावी रैलियों को संबोधित किया। जबकि बीजेपी का कैंपन जोरदार रहा। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ और जेपी नड्डा जैसे कई स्टार प्रचारकों ने कई चुनावी बैठकों और रोड शो को संबोधित किया। लोकसभा चुनावी हार के बाद अब कांग्रेस आलाकमान प्रदेश में संगठन में बड़े बदलाव कर सकता है।


