टेस्ला के मालिक एलन मस्क के स्टार्टअप न्यूरालिंक ने इंसान के दिमाग में सर्जरी के जरिए चिप इम्प्लांट की है। यह डिवाइस एक छोटे सिक्के के आकार की है, जो ह्यूमन ब्रेन और कंप्यूटर के बीच सीधे कम्युनिकेशन चैनल बनाएगी।
अगर ह्यूमन ट्रायल कामयाब रहा तो चिप के जरिए दृष्टिहीन लोग देख पाएंगे। पैरालिसिस के मरीज चल-फिर सकेंगे और कंप्यूटर भी चला सकेंगे। कंपनी ने इस चिप का नाम ‘लिंक’ रखा है।
मस्क बोले- पेशेंट अच्छी तरह से रिकवर कर रहा
मस्क ने अपनी X पोस्ट में लिखा, ‘पहले इंसान में हमारी कंपनी न्यूरालिंक ने डिवाइस इम्प्लांट की है। पेशेंट अच्छी तरह से रिकवर कर रहा है। शुरुआती रिजल्ट आशाजनक हैं।’
एलन मस्क ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘इस डिवाइस के जरिए आप सोचने मात्र से फोन, कंप्यूटर और इनके जरिए किसी भी अन्य डिवाइस को कंट्रोल कर पाएंगे। शुरुआती यूजर वो होंगे जिनके लिंब्स यानी अंगों ने काम करना बंद कर दिया है।’
मस्क ने कहा, इमैजिन करें अगर स्टीफन हॉकिंग होते, तो इस डिवाइस की मदद से एक स्पीड टाइपिस्ट या नीलामीकर्ता की तुलना में ज्यादा तेजी से कम्युनिकेट कर पाते।



