कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने शनिवार को जनसुनवाई कर मौके पर शिकायतों का समाधान किया। जनशिकायतों में अधिकांश शिकायतें सड़क, बिजली, पानी, भूमि विवाद, पति-पत्नी के आपसी विवाद के साथ ही विभागों के अधिकारियों से संबंधित आई। जनसुनवाई में आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों के साथ ही फरियादियों को तलब कर समस्याओं का मौके पर समाधान किया। साल 2000 की एक पुरानी शिकायत विगत साल 2022 में जनसुनवाई में आई थी। जनपद ऊधमसिंह नगर तहसील काशीपुर के ग्राम मानपुर फिरोजपुर जो कार्बेट नेशनल पार्क के अंदर 54 ग्रामवासी निवास करते थे इनका विस्थापन मानपुर फिरोजपुर में वर्ष 2000 में हुआ था, ग्राम सभा में बन्दोवस्ती का कार्य चल रहा था लेकिन बन्दोबस्ती मे त्रुटिया हो रही थी। जिसकी वजह से क्षेत्र के लोगों का नाम खतौनी में दर्ज नहीं हो पा रहा था। आयुक्त द्वारा ग्राम मानपुर फिरोजपुर का भ्रमण कर स्थिति से अवगत होते हुए समस्या को सीएम मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया। ग्राम वासियों द्वारा बताया गया कि बन्दोबस्ती का कार्य समाप्त हो चुकी है और उनका नाम खतौनी में 18 जनवरी 2024 को दर्ज हो चुका और पक्की खतौनी मिल गई है। ग्राम वासियों ने आयुक्त का धन्यवाद किया। बलवंत सिंह निवासी जिला चंपावत की शिकायत विगत जनसुनवाई में आई थी कि 2021 में बीकॉम कर लिया था लेकिन उनके नंबर नहीं बताए गए और मार्कशीट भी नहीं दी गई। दीपक ने जांच के लिए उच्च शिक्षा को निर्देश दिए थे। उच्च शिक्षा में जांच में सही पाया और बलवंत को मार्कशीट मिल गई। जिस पर बलवंत सिंह ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया। मंडल के सभी उपजिलाधिकारियों के साथ ही तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि तहसील दिवस में आमजनमानस की छोटी-छोटी शिकायतों को प्राथमिकता से समाधान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस की समस्यायें उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लोगों द्वारा लाई जा रही है जो उचित नही है जबकि इन छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान तहसील दिवस पर हो जाना चाहिए था।



