रुड़की-पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आगामी 16 अक्टूबर को नारसन से रुड़की तक किसान सम्मान ट्रैक्टर यात्रा निकालेंगे। किसानों के गन्ना बकाया 100 करोड़ रुपये का भुगतान अभी तक न होने से शुगर मिल व उत्तराखंड सरकार से नाराज़ पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस किसान सम्मान ट्रैक्टर यात्रा 16 अक्टूबर को हरिद्वार जिले के गुरुकुल नारसन से रुड़की तक निकालने का निर्णय लिया है,वही इसी दिन सीतारागंज में यह यात्रा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में निकाली जाएगी,जिसमे प्रदेश के अनेक कांग्रेस और किसान नेता शामिल होंगे। हरिद्वार जिले की इस यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन व सभी कांग्रेस विधायक तथा कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उक्त जानकारी पत्रकार वार्ता के दौरान दी।उन्होंने हरिद्वार जिले में डेंगू की विकराल स्थिति बताते हुए सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया व कहा कि देहरादून तो अब स्मार्ट सिटी के बजाए डेंगू सिटी बन कर रह गया है।यही हालत हरिद्वार जिले की भी डेंगू को लेकर हो गई है।रुड़की में दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा आज के समय में खेत और खेत वाला किसान दोनों सरकार की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं।यह मुद्दा कांग्रेस राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर पर निरंतर उठा रही है।उन्होंने कहा सरकार की उपेक्षा का बड़ा उदाहरण यह है कि गत दो माह से किसान रुड़की तहसील में धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार का कोई प्रतिनिधि आज तक उनसे वार्ता के लिए नही आया।किसानों के बड़े प्रदर्शन भी यहां हुए ,वहीं कांग्रेस ने भी किसानों के लिए देहरादून में बड़ा प्रदर्शन किया। जिसमें प्रमुख पांच मांगे सरकार के सामने रखी गई थी, जिसमें हरिद्वार जिले में आई आपदा में किसानों को जो मुआवजा दिया है वह बहुत कम है और उस मुआवजे को कम से कम दस हजार रुपए बीघा किया जाना चाहिए।इसके साथ ही किसानों का छह माह का ब्याज ऋण माफ हो। वही गन्ने का खरीद मूल्य घोषित किया जाए जो कि कम से कम सवा चार सौ रुपए क्विंटल हो। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इकबालपुर शुगर मिल पर बकाया 100 करोड़ रुपये का भुगतान तुरंत किये जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान यात्रा के अंतर्गत 16 अक्टूबर को नारसन में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इस ट्रैक्टर यात्रा की शुरुआत की जाएगी।इस दौरान एक प्रतिनिधिमंडल धरनारत किसानों से भी मिलेगा। जिसमें प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं के अलावा किसान नेता भी मौजूद रहेंगे।यह यात्रा इसके बाद अलग अलग दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी जाएंगी।हरीश रावत ने आरोप लगाया कि डेंगू को लेकर सरकार के इंतजाम पूरी तरह फेल हो गए हैं। शासन और विभाग पूरी तरह लापरवाह है।उन्होंने आरोप लगाया कि डेंगू पीड़ितों की उपेक्षा की जा रही है। कोई टेस्टिंग व फॉगिंग नही हो रही है, अस्पतालों में बैड तक नही है। उन्होंने कहा जाति जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस सरकार पर दबाव डालेगी। क्योंकि जाति गत स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए यह देश के गरीब, मजदूरों और दलितो,पिछडो के हित में हैं। रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं और आज युवा,महिला, किसान, व्यापारी,बुजुर्ग सभी वर्ग परेशान है।इस अवसर पर विधायक ममता राकेश, पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता श्रीगोपाल नारसन,चौधरी तेजपाल सिंह खेड़ाजट, आदित्य राणा, यासिर अराफात, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह,सेठपाल परमार,ठाकुर वीरेंद्र सिंह,उदय सिंह पुंडीर, अय्याज अहमद,हंस राज सचदेवा ,ऋतु कंडियाल,सुधीर शांडिल्य, बेबी खन्ना, डॉ राकेश गौड़ आदि मौजूद रहे।इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रश्मि चौधरी के घर उनके पति के निधन पर सांत्वना देने गए।



