हरिद्वार में एसटीएफ और वन विभाग की टीम ने तस्करों के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात किलो हाथी दांत के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए लोग वन्य जीवों के अंगों की तस्करी करते थे. इन तस्करों को उस वक्त पकड़ा गया जब वो हाथी दांत को बेचने के लिए किसी शख्स से डील करने पहुंचे थे. उत्तराखंड में हाथी के दांतों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है. स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और वन विभाग की टीम ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्स्यो को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो हाथी दांत बरामद किए हैं. उत्तराखंड में वन्य जीव अंगों की अवैध तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ एसटीएफ और वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है.
ऐसे पकड़े गए हाथी दांत के तस्कर
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर और हरिद्वार जिले की श्यामपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में इन संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी लंबे समय से हरिद्वार क्षेत्र में वन्यजीव अंगों की तस्करी कर रहे थे जिसका इनपुट एसटीएफ को मिला था. इसके बाद एसटीएफ की टीम ने गोपनीय रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया. ये तस्कर उस वक्त पुलिस के हत्थे चढ़ गए जब ये हाथी दांत को किसी बाहर की पार्टी को बेचने के लिए निकले थे.


