उत्तराखंड को अस्तित्व में आए पूरे 23 साल हो चुके हैं। 9 नवंबर साल 2000 को केंद्र की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने उत्तर प्रदेश से अलग करके उत्तरांचल के नाम से नया राज्य बनाया था। 27वें राज्य के रूप में भारत गणराज्य के शामिल किया गया। शुरुआत में इसका नाम उत्तरांचल था। कुछ वर्षों के बाद यह उत्तराखंड के रूप में अस्तित्व में आया है। पहाड़ी राज्य बनाने को लेकर लंबा संघर्ष चला। जिसके लिए कई आंदोलन किए गए, कई मार्च निकाले गए। अलग पहाड़ी प्रदेश के लिए 42 आंदोलनकारियों को शहादत देनी पड़ी। उत्तर प्रदेश का हिस्सा रहे उत्तराखंड की सीमाएं उत्तर में तिब्बत और पूर्व में नेपाल से लगी हैं। पश्चिम में हिमाचल प्रदेश और दक्षिण में उत्तर प्रदेश इसकी सीमा से लगे राज्य हैं। उत्तराखंड राज्य में बहुत समृद्ध प्राकृतिक संसाधन हैं जिनमें ग्लेशियर, नदियां, घने जंगल और बर्फ से ढकी पर्वत चोटियां शामिल हैं। इसमें चार सबसे पवित्र और श्रद्धेय हिंदू मंदिर भी हैं जिन्हें उत्तराखंड के चार धाम के रूप में भी जाना जाता है। उत्तराखंड साल 2000 में गठन से पहले उत्तर प्रदेश का एक हिस्सा था। उत्तराखंड बनने के पीछे सबसे बड़ी मांग यही थी कि यह पहाड़ी राज्य है और इसकी पारिस्थितिकी, संस्कृति व संसाधन देश के अन्य जगहों से अलग है। साथ में सबसे महत्वपूर्ण बात यह भी रही कि उत्तराखंड की इकोलॉजी देश-दुनिया को पानी, हवा, मिट्टी व जंगल का सबसे बड़ी दाता है। गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ जैसे धाम देश की आस्था के प्रतीक भी हैं, इसलिए यह एक बड़ा अवसर भी बन सकता है कि हम हिमालयी राज्यों का आदर्श तो बनें। साथ में एक ऐसा राज्य बने जो आर्थिक और पारिस्थितिकी के समन्वय से चलता हो। आज सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राज्य को युवाओं के हिस्से में ज्यादा लाना चाहिए।
पीएम मोदी समय तमाम भाजपा नेताओं ने उत्तराखंड स्थापना दिवस पर दी बधाई–
उत्तराखंड के 24 में स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम भाजपा नेताओं ने बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा, “भारतीय संस्कृति और परंपरा की समृद्धि में देवभूमि उत्तराखंड का अमूल्य योगदान है। प्राकृतिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध इस प्रदेश के मेरे सभी परिवारजन अत्यंत परिश्रमी होने के साथ-साथ बेहद पराक्रमी भी हैं। आज राज्य के स्थापना दिवस पर उन्हें मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मिले बधाई संदेश पर उत्तराखंड के सीएम धामी ने लिखा- राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आपकी शुभकामनाओं हेतु समस्त देवभूमिवासियों की ओर से हार्दिक आभार आदरणीय प्रधानमंत्री जी ! आपके यशस्वी नेतृत्व में हम राज्य आंदोलनकारियों एवं सवा करोड़ प्रदेशवासियों के स्वप्नों को साकार करते हुए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने हेतु सतत क्रियाशील हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी उत्तराखंड वासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अमित शाह ने मुख्यमंत्री धामी के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर बधाई देते हुए लिखा- प्राकृतिक सौन्दर्य और अध्यात्म की पावन धरा उत्तराखंड के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी जी के मार्गदर्शन में पुष्कर सिंह धामी सरकार देवभूमि उत्तराखंड की प्रगति और जनता के कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। मैं प्रदेश की निरंतर खुशहाली की कामना करता हूं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तराखंड वासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी है। नड्डा ने लिखा- अलौकिक आध्यात्मिक विरासत व भारतीय संस्कृति की पावन संगमस्थली, देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उत्तराखंड वासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी । सीएम योगी ने लिखा- महान सनातन धर्म व संस्कृति के अनेक आख्यानों की साक्षी धरा, प्रकृति तथा परमात्मा की विशेष कृपा से आच्छादित, देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस की उत्तराखंड वासियों को हार्दिक बधाई-शुभकामनाएं! बाबा केदारनाथ से प्रार्थना है कि यह राज्य समृद्धि व सुशासन के नए कीर्तिमान गढ़ता रहे।



