देहरादून। इंटरनेशनल डे ऑफ वीमेन एंड गर्ल्स इन STEM के अवसर पर आयोजित ‘शी फॉर STEM उत्तराखण्ड’ विषयक कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए 20 प्रतिभाशाली छात्राओं को ₹50-50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) के क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘शी फॉर स्टेम’ कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को स्टार्टअप के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही महिला प्रौद्योगिकी केंद्रों से स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जाएगा, जिससे नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने जानकारी दी कि कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जनपद में पांच बालिकाओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में बेटियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में साइंस एवं इनोवेशन सेंटर्स, लैब्स ऑन व्हील्स, जीएसआई डैशबोर्ड, डिजिटल लाइब्रेरी, पेटेंट सूचना केंद्र और STEM लैब्स के माध्यम से विश्वस्तरीय अवसंरचना तैयार की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर और प्री-इंक्यूबेशन लैब की स्थापना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि उत्तराखण्ड की बेटियां भविष्य की तकनीकों में अग्रणी भूमिका निभा सकें। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘शी फॉर STEM’ जैसी पहलें राज्य में नवाचार और तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।



