(उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दो दिवसीय ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में मौजूद सभी निवेशकों से मंच से कहा- “आप इस राज्य में खुलकर निवेश करिए मैं आपको गारंटी देता हूं”। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में उन्होंने देवभूमि के विकास, विजन और प्लानिंग पर बात की। वैश्विक निवेशक सम्मेलन के पहले दिन 44 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर सरकार ने निवेशकों के साथ करार किया है। वहीं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रोड शो, प्रदेश में जिला स्तर पर मिनी रोड शो व विभागों के स्तर पर साढ़े तीन लाख करोड़ के निवेश पर एमओयू हस्ताक्षर किए गए। समिट को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश से एक ओर जहां रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।)



