प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखण्ड पहुंचते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर #ModiInUKInvestorSummit नंम्बर 1 पर ट्रेंड करने लगा। इसके साथ ही #DestinationUttarakhand भी ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल रहा। खास बात यह है कि इन हैशटैग की ट्रेंडिंग 12 घंटों तक लगातार बनी रही। उत्तराखण्ड के साथ ही देश की बड़ी हस्तियों व उद्योग समूहों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मस पर इस इन्वेस्टर्स समिट के पक्ष में अपनी सहभागिता दर्ज करते हुए ट्रेंड को अपना समर्थन दिया। देहरादून में आयोजित इस निवेशक सम्मेलन में देश के साथ विदेशी उद्योग समूहों के प्रतिष्ठित व्यवसायियों ने अपनी प्रतिभागिता दर्ज की। उत्तराखण्ड में इतने बड़े स्तर पर पहली बार सीएम धामी के नेतृत्व में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है जो और भी खास तब बन गया जब समिट के पहले दिन ही 44 हजार करोड़ के इन्वेस्टमेंट एमओयू की ग्राउंडिंग हो गई। निवेश के माध्यम से उत्तराखण्ड के विकास को जो नई गति मिलने की उम्मीद है उसमें इन्वेस्टर्स समिट पहले दिन खरा उतरा है।
पैनल डिस्कशन में संभावनाओं पर हुआ विचार–
ओमैक्स ग्रुप के एमडी श्री मोहित गोयल, रहेजा डेवलपर के एमडी श्री नवीन रहेजा, डीएस ग्रुप के हेड ऑफ हॉस्पिटलिटी श्री नेथन एंड्रूज, अंतरा सीनियर लिविंग के डिप्टी सीईओ श्री अजीत अग्रवाल एवं अलडेको के सीईओ श्री रोहित किशोर उपस्थित रहे। उद्यमी श्री अभिलेश बिबेल ने इस सेशन की अध्यक्षता की। इस दौरान उत्तराखंड में रियल एस्टेट सेक्टर में संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री मोहित गोयल की ओर से सुझाव दिया गया कि चंडीगड़ ट्राय सिटी की तर्ज पर हरिद्वार, देहरादून व ऋषिकेश को भी विकसित किया जा सकता है। इसी तरह कुमाऊँ में हल्द्वानी, पंतननगर एवं रुद्रपुर को विकसित किया जा सकता है। उन्होंने राज्य में योजनाबद्ध विकास पर जोर दिया। नवीन रहेजा ने कहा कि उत्तराखंड निवेश के लिए सबसे सुरक्षित माहौल प्रदान करने वाला राज्य है। नेथन एंड्रूज ने पहाड़ी शहरों का किस तरह विकास किया जाए इस पर अपने विचार रखे। अजय अग्रवाल ने कहा कि यहां की कानून व्यवस्था शानदार है, ऐसे में यहां उद्योगों के लिए अच्छा माहौल है। पैनल डिस्कशन में प्रतिभाग करते हुए अपर मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन ने कहा कि राज्य में सात हजार हेक्टेयर का लैंड बैंक तैयार किया जा रहा है ताकि उद्योगों की मूलभूत आवश्यकता को पूर्ण किया जा सके।



