उत्तराखंड के हरिद्वार में हर साल की तरह इस साल भी गंगा की सफाई करने के लिए दशहरे से छोटी दीपावली तक गंग नहर को बंद किया गया है. उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा गंगा जी की आरती के समय 2 फुट जल की सप्लाई की जा रही है, मगर गंगा बंदी होने के कारण देश के कई राज्यों से आने वाले यात्रियों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पर्याप्त मात्रा में जल ना होने के कारण हरिद्वार आकर गंगा में स्नान करने वाले और अन्य दूसरे धार्मिक अनुष्ठान करने आने वाले श्रद्धालुओं को मायूसी ही हाथ लग रही है. वहीं यह श्रद्धालु प्रशासन से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं. हर की पौड़ी ब्रह्मकुंड और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं को डुबकी लगाने लायक जल ना मिलने के कारण श्रद्धालु मायूस नजर आ रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि गंगा में पानी न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गंगा में सफाई व्यवस्था भी कहीं नजर नहीं आ रही है. श्रद्धालुओं का यह भी कहना है कि सफाई करने के कई और भी विकल्प हैं. सफाई करने के लिए पानी रोकने की कोई आवश्यकता नहीं है. श्रद्धालु आस्था से हरिद्वार आते हैं और यहां आकर गंगा में डुबकी लगाने लायक भी पानी नहीं मिलता है तो श्रद्धालु कहीं ना कहीं मायूस होते हैं. श्रद्धालुओं ने सरकार और प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि गंगा में पर्याप्त मात्रा में जल छोड़ जाए.



