साल 2024 में उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों के आयोजन करने के लिए मेजबानी मिल गई है। ओलंपिक एसोसिएशन ने इस पर हरी झंडी दे दी है तो वहीं उत्तराखंड सरकार ने भी तैयारियां पूरी कर ली है। उत्तराखण्ड 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की मेजबानी करेगा। वर्तमान में 37वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 26 अक्टूबर से 9 नवंबर तक गोवा में चल रहा है जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया जिसमें देश भर के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी प्रतिभाग कर अपना परचम लहरा रहे है। वहीं 37वें राष्ट्रीय खेलों में देवभूमि उत्तराखण्ड के खिलाड़ी भी लगातार अपना परचम लहरा रहे है। वहीं उत्तराखण्ड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि सभी प्रदेशवासियों को बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की मेजबानी का सौभाग्य उत्तराखण्ड राज्य को मिला है। यह सब शीर्ष नेतृत्व के कुशल प्रतिनिधित्व व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में ही संभव हो पाया है। देवभूमि जो कि अब खेलभूमि बनने की ओर भी अग्रसर है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हेतु समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आप सभी से यह वादा है करते है कि उत्तराखण्ड सरकार एवं खेल विभाग मिलकर 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन हेतु प्रतिबद्ध है। आगामी 2024 में अक्टूबर या नवंबर महीने में उत्तराखंड में नेशनल गेम्स आयोजित किए जाएंगे नेशनल गेम्स को लेकर के जहां एक तरफ खेल विभाग ने इंफ्राट्रक्चर बदलाव को लेकर तमाम कार्य पूरे कर लिए हैं तो वहीं ऑपरेशनल एक्टिविटी को लेकर भी तेजी से काम चल रहा है। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने कहा, ध्वज प्राप्त करने के लिए विभागीय मंत्री रेखा आर्य के साथ ही विभाग की पूरी टीम गोवा जाएगी, जो उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। भारतीय ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव कल्याण चौबे ने शासन को लिखे पत्र में कहा, राष्ट्रीय खेलों के अगले मेजबान होने के नाते उत्तराखंड को भारतीय ओलंपिक संघ का ध्वज दिया जाएगा।



