देहरादून राजधानी के पॉश इलाके राजपुर में सुबह-सवेरे हुई सनसनीखेज फायरिंग और एक बुजुर्ग की मौत के मामले में दून पुलिस ने चौंकाने वाला पर्दाफाश किया है। जिसे महज रोड रेज और साइड न देने का विवाद बताया जा रहा था, वह असल में एक नामी बार के बिल को लेकर शुरू हुई खूनी रंजिश निकली। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य शूटर समेत अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। जोहड़ी गांव में सुबह करीब 6:50 बजे हुई इस वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया था। शुरुआती सूचना में बताया गया कि दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो के बीच साइड देने को लेकर विवाद हुआ और फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय बुजुर्ग मुकेश कुमार जोशी की जान चली गई। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर जब तफ्तीश शुरू की, तो कड़ियां आपस में जुड़ने लगीं और आरोपियों द्वारा बुना गया ‘रोड रेज’ का जाल ताश के पत्तों की तरह ढह गया। जांच में सामने आया कि विवाद की असल जड़ कुठालगेट स्थित ZEN – Z बार था। 29 मार्च की रात बार में आए शांतनु त्यागी, आदित्य चौधरी और उनके साथियों का बार कर्मी मोहित अग्रवाल से बिल कम कराने को लेकर हिंसक झगड़ा हुआ था। इस दौरान बार कर्मियों ने दबंगई दिखाते हुए आदित्य चौधरी की स्कॉर्पियो-N का पिछला शीशा तोड़ दिया था। उस वक्त तो आरोपी धमकी देकर चले गए, लेकिन अगले दिन सुबह बदला लेने की नीयत से घात लगाकर बैठ गए।



