F713C201-D6FD-4E01-A288-8D579F90EA7E

देहरादून।
देहरादून में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुबह राजधानी के व्यस्त इलाके राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक जिम से बाहर निकल रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर पर गोली दाग दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। महज तीन दिन पहले, 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बेखौफ बदमाशों द्वारा सरेआम की गई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
गुंजन हत्याकांड से पहले ही सहमा था शहर
बीती 2 फरवरी को दूल्हा बाजार क्षेत्र में गुंजन हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। सुबह करीब 11 बजे आरोपी आकाश ने गुंजन के गले पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और विशेष जांच टीम गठित कर रिकॉर्ड समय में चार्जशीट दाखिल की।
लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता
इसी क्रम में ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या, विकासनगर में छात्रा मनीषा तोमर की हत्या तथा तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या जैसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से राजधानी सहित आसपास के क्षेत्रों में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से सघन जांच और गश्त बढ़ाने की बात कही जा रही है, लेकिन अपराधियों के बढ़ते हौसले फिलहाल आमजन के मन में भय का वातावरण पैदा कर रहे हैं।



