वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में आयोजित एक प्रेरक कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने सहभागिता की और मेडिकल छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान जनरल अनिल चौहान ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा आपदा प्रबंधन में चिकित्सा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार करने वाला पेशेवर नहीं होता, बल्कि संकट की घड़ी में समाज और राष्ट्र का सच्चा संरक्षक भी होता है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को समर्पण, सेवा भाव और उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। जनरल चौहान ने कहा कि देश को ऐसे दक्ष, संवेदनशील और जिम्मेदार चिकित्सकों की आवश्यकता है, जो आपदा या आपातकालीन परिस्थितियों में भी साहस और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने उनके प्रेरणादायी विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



