हवन-यज्ञ के साथ हुआ मिशन का आगाज; अपर परिवहन आयुक्त ने काटा रिबन, पहले ही दिन 40 वाहनों को मिली हरी झंडी
ऋषिकेश। विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 के भव्य स्वागत और श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड परिवहन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है । सोमवार को ऋषिकेश स्थित उपसंभागीय परिवहन कार्यालय में भक्तिमय वातावरण और प्रशासनिक तत्परता के बीच यात्रा के लिए अनिवार्य ‘ग्रीन कार्ड’ बनाने के कार्य का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ किया गया।
आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को निर्बाध और सुगम बनाने के उद्देश्य से कार्यालय परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, यज्ञ और हवन का आयोजन किया गया । इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से यात्रा के सफल संपादन और यात्रियों की सुरक्षा की मंगल कामना की गई ।
इसके तुरंत बाद मुख्य अतिथि, अपर परिवहन आयुक्त उत्तराखंड सनत कुमार सिंह ने रिबन काटकर आधुनिक ‘ग्रीन कार्ड कक्ष’ और ‘वाहन निरीक्षण स्थल’ का लोकार्पण किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बनी रणनीतिइस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उत्तराखंड परिवहन विभाग के शीर्ष अधिकारियों का जमावड़ा रहा। मुख्य रूप से संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, उप परिवहन आयुक्त शशैलेश तिवारी व सुनील शर्मा, नोडल अधिकारी चारधाम यात्रा संदीप सैनी और आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला सहित स्थानीय एआरटीओ रावत सिंह मौजूद रहे । अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन और वाहनों की फिटनेस प्राथमिकता रहेगी।इस अवसर पर परिवहन कर अधिकारी, संभागीय निरीक्षक प्राविधिक, विभिन्न ट्रांसपोर्ट कंपनियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वाहन चालक व परिचालक उपस्थित थे।



