सहसपुर (देहरादून)।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मिट्ठीबेरी-परवल मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया और इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सभा में भाजपा सरकार की उपलब्धियों को उजागर करते हुए विकास के महत्व पर जोर दिया और जनता के साथ साझा किया कि सरकार किस तरह राज्य के इंफ्रा संरचना को मजबूत कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कुछ तत्व टूलकिट के माध्यम से भ्रामक नैरेटिव गढ़ने और लोगों को उकसाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता इसका भान कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि अर्बन नक्सलवादी और विघटनकारी ताकतें देवभूमि को अस्थिर करने की कोशिश में लगी हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धामी ने स्पष्ट किया कि ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी आड़ में कानून-व्यवस्था और मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं सहेंगे। इसी के चलते सरकार ने सख्त धर्मांतरण और दंगा विरोधी कानून लागू किए हैं तथा धौलास भूमि प्रकरण सहित सभी संदिग्ध मामलों की पूरी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि की एक इंच जमीन भी राष्ट्रविरोधी तत्वों को नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आगे यह भी कहा कि मुस्लिम यूनिवर्सिटी की चर्चा विपक्ष की मंशा को उजागर करती है, जो उत्तराखंड की मौलिक पहचान को कमजोर करना चाहती है, और कांग्रेस द्वारा यूसीसी का विरोध तुष्टिकरण की राजनीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विकास की रफ्तार से घबराए लोग भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास और अस्मिता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर समेत अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



