नई दिल्ली: पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री C. R. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर हरिद्वार कुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत ₹408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया, ताकि हरिद्वार कुंभ 2027 का आयोजन स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के उच्च मानकों के अनुरूप किया जा सके।
साथ ही बाढ़ सुरक्षा कार्यों हेतु ₹253 करोड़ के प्रस्तावों की स्वीकृति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त राशि जारी करने तथा इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार के लिए भी अनुरोध किया गया। इस परियोजना से लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी तथा क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के कुशल नेतृत्व एवं केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा तथा गंगा संरक्षण के लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।



