चारधाम यात्राः ‘अतिथि देवो भवः’ के भाव से होगा श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत, देहरादून प्रशासन की व्यापक तैयारियां शुरू, ऋषिकेश में 30, विकासनगर में 20 काउंटर पर 24 घंटे रजिस्ट्रेशन सुविधा, मोबाइल टीमें भी रहेगी तैनात, होटल, धर्मशाला व आश्रमों के दूरभाष सहित कंट्रोल रूम व हेल्पलाइन नंबर होंगे सार्वजनिक, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुलभ और समग्र सूचना, डीएम के निर्देश, यात्री सुविधा केंद्र हो सुसज्जित, शटल सेवा के साथ होल्डिंग एरिया में रहे सभी आधुनिक सुविधाएं, चारधाम यात्रा में मेडिकल सुविधाओं पर फोकस, टेस्टिंग किट और एंबुलेंस सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी तैनाती वाहनों की फिटनेस अनिवार्य, ग्रीन कार्ड के साथ परिवहन विभाग करेगा यात्रा वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था, यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने 15 अप्रैल तक समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए आदेश, यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी, डीएम ने दिए नोडल व सेक्टर अधिकारी तैनात करने के निर्देश, प्रशासन की प्रतिबद्वताः श्रद्वालुओं के लिए सुरक्षित और सुखद यात्रा-डीएम , मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने में जुटा जिला प्रशासन।
0b52c9bb-f996-49b6-a647-62206f6aed46 07d731b2-f6d7-4579-b1e9-f4ed491126a2 a8e031e9-27fb-4475-9417-76e4cdc6d4fb
51b36541-13b8-4295-b420-33a9218c9d19
मा0 मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा-2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संचालित करने हेतु देहरादून जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में यात्रा से संबंधित समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति हमारी सेवा भावना का अवसर है। ताकि उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा का सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में धनाभाव के कारण किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। यदि किसी विभाग को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो तो वह तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें, जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को 15 अप्रैल तक यात्रा से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ऋषिकेश एवं विकासनगर क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग, यात्रियों की ठहरने की क्षमता, पंजीकरण व्यवस्था, सड़क, पेयजल, परिवहन, भोजन, शौचालय एवं स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। सड़कों पर डायवर्जन स्थलों एवं कियोस्क प्वाइंट्स पर सुगम यातायात संचालन तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। होटल, धर्मशाला, गुरुद्वारा एवं ट्रांजिट कैंपों में श्रद्धालुओं के भोजन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी हेतु नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी एवं वालंटियर तैनात करने को कहा, जिससे यात्रियों को सुरक्षा एवं मार्गदर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पंजीकरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ऋषिकेश में 30 तथा विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने इन काउंटरों पर प्रशिक्षित ऑपरेटर, पर्याप्त स्टाफ, सुदृढ़ नेटवर्क व्यवस्था एवं 24 घंटे संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मोबाइल पंजीकरण टीमें भी तैनात करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को त्वरित सुविधा उपलब्ध हो सके। डीएम ने कहा कि ऑफलाइन पंजीकरण हेतु भी पुख्ता प्रबंध किए जाए। काउंटरों पर क्यू मैनेजमेंट, शेड निर्माण एवं यात्रियों को बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा हेतु होल्डिंग एरिया, पार्किंग स्थल, प्रमुख चौक-चौराहों एवं यात्रा मार्गों पर होटल, धर्मशाला, आश्रमों के दूरभाष नंबर, हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाए। प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं प्रसारित करने की व्यवस्था करें। रात्रि विश्राम हेतु समय से होटल एवं पार्किंग स्थलों का अधिग्रहण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल, कटापत्थर, हरबर्टपुर, नया गांव आदि होल्डिंग एरिया में जर्मन हैंगर स्थापित करने के साथ सभी स्थलों पर मेडिकल चेकअप, भोजन, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि भोजन व्यवस्था में स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाए तथा आकस्मिक स्थिति में पूर्ति विभाग का सहयोग लिया जाएगा। फूड पैकेट की पृथक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
परिवहन विभाग को पर्याप्त संख्या में वाहनों का अधिग्रहण करने, वाहनों की फिटनेस जांच कर ग्रीन कार्ड जारी करने तथा ट्रिप कार्ड जनरेशन की वैकल्पिक (मैनुअल) व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रियों के आवागमन हेतु होल्डिंग एरिया तक शटल सेवा भी संचालित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की टीम, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस एवं टेस्टिंग किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श (हेल्थ एडवाइजरी) जारी करने के निर्देश दिए। चिकित्सा सुविधाओं हेतु आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को यात्रा मार्ग पर डिवाइडर, पैराफिट, प्रकाश व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा के सुदृढ़ प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल संस्थान को पार्किंग, होल्डिंग एरिया, चेकपोस्ट एवं यात्रा मार्गों पर टीटीएसपी, वाटर एटीएम, टैंकर आदि के माध्यम से शुद्ध पेयजल व्यवस्था तथा विद्युत विभाग को सभी प्रमुख स्थलों पर निर्बाध एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विभागों ने चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर विभागीय की प्रगति से अवगत कराया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी जया बलूनी, एडीएम (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय सहित नगर निगम, लोनिवि, परिवहन, जिला पूर्ति एवं यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



