बजट सत्र की तैयारियों और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
देहरादून। प्रदेश के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज शासकीय आवास, यमुना कॉलोनी में विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभागों की वर्तमान प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विधानसभा के आगामी बजट सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देना तथा जनहित में प्रस्तावित नई योजनाओं के त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए।
इस दौरान सरकार के सफल चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तैयार की जा रही ‘विकास पुस्तिका’ की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता और तेजी के साथ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए।



