G20 Delhi- जी20 समिट के लिए मेहमानों का राजधानी नई दिल्ली पहुंचना जारी है। अर्जेंटीना के राष्ट्रपति शुक्रवार सुबह भारत पहुंचे। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन शाम करीब 7 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। यूके के पीएम ऋषि सुनक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जापान के पीएम फुमियो किशिदा दोपहर में दिल्ली पहुंचेंगे। सूत्रों के हवाल से न्यूज एजेंसी ANI ने खबर दी है कि पीएम नरेंद्र मोदी जी20 समिट में शिरकत करने आ रहे नेताओं के साथ करीब 15 द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। आज पीएम नरेंद्र मोदी मॉरिशियस, बांग्लादेश और अमेरिका के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। राजधानी में जी20 समिट की वजह से सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त है। शहर में पुलिस द्वारा जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था और भी ज्यादा सख्त है, यहां न सिर्फ विदेशी मेहमान विभिन्न जगहों पर ठहरे हुए हैं बल्कि कार्यक्रम स्थल भारत मंडपम भी यहीं स्थित है। आपको बता दें कि जी20 समिट में इसके 20 सदस्य देश- अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, रूस, सऊदी अरब, साउथ अफ्रीकरा, तुर्किये, यूके, अमेरिका और ईयू हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा बांग्लादेश, इजिप्ट, मोरिशियस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन और यूएई को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। संयुक्त राष्ट्र, IMF, विश्व बैंक, WHO, WTO, इंटरनेशनल लेबर ऑर्गेनाइजेशन, फाइनेंशियल स्टेबिलिटी बोर्ड और OECD जैसे विश्व संगठन भी G20 में शिरकत कर रहे हैं। इनके अलावा अफ्रीकन यूनियन, AUDA-NEPAD, ASEAN, ISA, CDRI और एशियन डेवलपमेंट बैंक भी G20 समिट में हिस्सा लेंगे। जी20 समिट से जुड़ी तमाम लेटेस्ट अपडेट्स (G20 Summit Updates) के लिए बने रही जनसत्ता डॉट कॉम के साथ।


