यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल में माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ राजकीय इंटर कॉलेज के नवीन भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने यमकेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और राज्य की उन्नति के लिए प्रार्थना की।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नई शिक्षा नीति को प्रभावी रूप से लागू करते हुए विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान और व्यापक दृष्टिकोण प्रदान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का उत्तराखंड की गौरवशाली धरा से गहरा नाता रहा है। पौड़ी क्षेत्र से उनका विशेष आत्मीय जुड़ाव है, यहीं उनका बाल्यकाल बीता और इसी पावन भूमि से उनके संन्यासी जीवन को दिशा प्राप्त हुई। उनके द्वारा प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना से स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जनता में नया उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जी तथा माननीय विधायक श्रीमती रेणु बिष्ट जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




