
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार पहुंचे सचिव, आवास डॉ. आर राजेश कुमार ने शहर में प्रस्तावित 21 किलोमीटर मेट्रो पीआरटी (पॉड टैक्सी) परियोजना का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक, उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि परियोजना की कुल लंबाई 20.74 किमी है, जिसमें 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना को 15 फरवरी 2023 को उत्तराखण्ड मंत्रिमंडल से अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। इसके लिए कुल 4.8743 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है, जिसमें 0.8949 हेक्टेयर निजी भूमि तथा 0.038 हेक्टेयर रेलवे भूमि शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के क्रियान्वयन से हरिद्वार शहर में यातायात जाम की समस्या का प्रभावी समाधान होगा। यह ऑन-डिमांड, चालक-रहित एवं पूर्णतः स्वचालित इलेक्ट्रिक प्रणाली होगी, जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी लाएगी। नियंत्रित गाइडवे पर संचालन के कारण सुरक्षा स्तर उच्च रहेगा तथा अपेक्षाकृत कम भूमि की आवश्यकता होगी।
निरीक्षण भारत माता मंदिर से प्रारंभ होकर शांतिकुंज, मोतीचूर, खड़खड़ी भीमगोड़ा होते हुए ललतारों ब्रिज तक किया गया। प्रस्तावित स्टेशन, पार्किंग स्थलों एवं आवश्यक भूमि को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद वाल्मीकि चौक, मनसा देवी रोपवे गेट, अपर रोड से होते हुए हर की पौड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। हर की पौड़ी स्टेशन पर समीक्षा के उपरांत दीन दयाल पार्किंग स्थल पर प्रस्तावित इंटीग्रेटेड रोपवे (माँ चंडी देवी एवं मनसा देवी मंदिर) के लोअर टर्मिनल का सर्वेक्षण कर संरेखण पर विचार-विमर्श किया गया।
तत्पश्चात हर की पौड़ी से ललतारों ब्रिज, वाल्मीकि चौक होते हुए ऋषिकुल एवं सीतापुर क्षेत्र तक प्रस्तावित स्टेशन तथा पार्किंग/डीपो हेतु चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया गया।
सचिव आवास डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देशानुसार हरिद्वार में प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को शीघ्र प्रारंभ किया जाए। परियोजना में प्रयोज्य राजकीय भूमि के हस्तांतरण/अधिग्रहण की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य समयबद्ध रूप से शुरू हो सके।
निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निदेशक (वित्त) संजीव मेहता, संयुक्त महाप्रबंधक (एचआर) कृष्णानंद शर्मा, संयुक्त महाप्रबंधक (सिविल) जयनंदन सिंहा, सहायक प्रबंधक (सिविल) अजयबीर सिंह नेगी, सेक्शन इंजीनियर सौरभ पटवाल, सर्वेयर हरिओम सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



