आज देहरादून के केदारपुरम स्थित नारी निकेतन में एक संवासिनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की।
मंत्री रेखा आर्या ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए नारी निकेतन की अधीक्षिका, अन्य कर्मचारियों तथा शव बरामद करने वाले चौकीदार से गहन पूछताछ की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नारी निकेतन प्रशासन को निर्देश दिए कि परिसर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, उनकी नियमित लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखा जाए।
मंत्री ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए।
उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मंत्री रेखा आर्या ने एसएसपी देहरादून से फोन पर वार्ता कर पुलिस जांच की प्रगति की जानकारी ली और जांच को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने विभागीय सचिव एवं निदेशक को निर्देशित किया कि प्रदेश के सभी नारी निकेतनों में महिलाओं के उपचार हेतु स्वास्थ्य विभाग की सहभागिता सुनिश्चित करने और मानसिक रोगियों की समुचित देखभाल के लिए मनोचिकित्सकों की नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि इसे कैबिनेट से स्वीकृत कराया जा सके।



