
जनपद ऊधम सिंह नगर के विकासखंड खटीमा अंतर्गत ग्राम पंचायत श्रीपुर बिचवा में मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से गीता धामी उपस्थित रहीं और उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में गीता धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना के माध्यम से न केवल आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के अवसर भी बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
कार्यशाला के दौरान स्वरोजगार, कौशल विकास, महिला स्वयं सहायता समूहों, कृषि एवं पशुपालन आधारित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। महिला समूहों को बैंक लिंकेज, ऋण सुविधा, प्रशिक्षण और विपणन सहयोग के बारे में अवगत कराया गया, जबकि युवाओं को कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
संवाद सत्र में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं से जुड़कर वे दुग्ध उत्पादन, लघु उद्योग, हस्तशिल्प, कृषि एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना के सफल क्रियान्वयन से सीमांत क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प साकार होगा।



