आज नगला तराई (खटीमा) स्थित आवास पर खटीमा एवं चंपावत क्षेत्र से पधारे वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से श्रीमती गीता धामी ने आत्मीय भेंट एवं सार्थक संवाद किया।

खटीमा आगमन पर देवतुल्य जनता का जो स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त होता है, वही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। यही आत्मीयता और अपनत्व जनसेवा के संकल्प को और अधिक दृढ़ बनाता है।
इस अवसर पर श्रीमती गीता धामी ने कहा कि जनप्रतिनिधि के साथ-साथ उसका संपूर्ण परिवार भी जनभावनाओं से जुड़ा होता है। आवास पर पधारने वाले प्रत्येक सम्मानित नागरिक से आत्मीय संवाद करना, उनकी बातों को गंभीरता से सुनना तथा आवश्यक विषय संबंधित जनप्रतिनिधि तक पहुंचाना परिवार के सदस्य के रूप में उनकी जिम्मेदारी है।
बैठक में समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा के साथ सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा पूर्व में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों एवं नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियानों के सकारात्मक प्रभाव पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि इन अभियानों से क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है, युवाओं में जागरूकता बढ़ी है तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति स्पष्ट चेतना विकसित हुई है।
श्रीमती गीता धामी ने उपस्थित सम्मानित जनों से आग्रह किया कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएं, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।



