
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों एवं कार्यस्थलों पर अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर सदैव संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने तुरंत मुख्य सचिव को फोन कर अधिकारी, कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत SOP तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने DGP उत्तराखण्ड को भी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा इस प्रकार की घटनाओं पर त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने SSP देहरादून को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
इस अवसर पर राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



