मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक

देहरादून स्थित सचिवालय में आयोजित व्यय-वित्त समिति की बैठक में राज्य के विभिन्न जनपदों से जुड़ी अहम विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने की।
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत जनपद चंपावत मुख्यालय स्थित गोरलचौड़ मैदान में स्टेडियम निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई। साथ ही, चंपावत में गोल्ज्यू देवता कॉरिडोर परियोजना के तहत श्री गोल्ज्यू देवता कॉरिडोर के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी।
देहरादून जनपद के आमवाला तरला क्षेत्र में रिंग फेंसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत 1788.34 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सीवरेज परियोजना को स्वीकृति दी गई। वहीं, केंद्रीय कारागार सितारगंज के विस्तारीकरण कार्य के लिए 3814.72 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई।
गोलापार, हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन तथा 100 बेड क्षमता वाले छात्रावास निर्माण हेतु 2679.37 लाख रुपये की योजना को भी समिति ने हरी झंडी दी।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि चंपावत स्थित गोल्ज्यू मंदिर के समीप पर्यटन अवस्थापनाओं का विकास मंदिर को केंद्र में रखकर किया जाए। योजना में कुमाऊं की पारंपरिक संस्कृति की झलक और प्राकृतिक सौंदर्य के अनुरूप निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, दिलीप जावलकर, एस.ए. अदानकी, रणवीर सिंह चौहान और धीरज गब्र्याल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



