कोटद्वार। दुगड्डा में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ साल के मासूम की मौत हो गई। पार्क में खेलने के बाद घर लौटते समय हाईवे पार कर रहे बच्चे को तेज रफ्तार गैस सिलेंडर से भरे ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, दुगड्डा निवासी रविकांत गिरि का पुत्र अभिनंदन (8) घर के पास स्थित पार्क में खेलने गया था। देर शाम जब वह घर लौट रहा था और हाईवे पार कर रहा था, तभी कोटद्वार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पास के बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को 108 आकस्मिक सेवा वाहन से बेस अस्पताल कोटद्वार भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अभिनंदन अपने दादा-दादी के साथ दुगड्डा में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कक्षा दो का छात्र था। उसके पिता रविकांत गिरि उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। परिवार मूल रूप से बरेली का निवासी है। मृतक के दादा मुन्ना गिरि राजकीय जूनियर हाईस्कूल बोरगांव में सहायक अध्यापक हैं और दुगड्डा में किराये के मकान में रहते हैं।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।



