प्रयागराज निवासी युवक को बंधक बनाकर पीटने और निर्वस्त्र करने के मामले की मास्टरमाइंड उसकी ही महिला मित्र निकली। उसकी महिला मित्र प्रतिभा सिंह ने उसे 10 जुलाई की रात मंगलौर बुलाया था। एसएसपी ने प्रकरण की तह तक जाने के लिए कई टीमें गठित की थीं। प्रतिभा को लगा कि कृष्णराज मालदार है और उसने अपने दोस्तों संग मिलकर योजना बनाई। संवाद सहयोगी, जागरण, मंगलौर। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी युवक को बंधक बनाकर पीटने और निर्वस्त्र करने के मामले की मास्टरमाइंड उसकी ही महिला मित्र निकली। उसने युवक को लूटने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने महिला और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार सुबह मंगलौर कोतवाली में प्रयागराज के थाना हंडिया के ग्राम ब्यूर निवासी कृष्णराज सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी महिला मित्र प्रतिभा सिंह ने उसे 10 जुलाई की रात मंगलौर बुलाया था। यहां से वह प्रतिभा और उसके भाई के साथ कार से ऋषिकेश के लिए निकला। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उसे लूट लिया और प्रतिभा व उसके भाई का अपहरण कर लिया। इस घटनाक्रम के दौरान बदमाशों ने उसे जंगल में ले जाकर पीटा और निर्वस्त्र कर वीडियो बना ली। महिला मित्र को छोड़ने के लिए उन्होंने युवक से पांच लाख रुपये की मांग की। एसएसपी ने प्रकरण की तह तक जाने के लिए कई टीमें गठित की थीं। शुक्रवार को इसका पर्दाफाश करते हुए एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि प्रतिभा ने ही साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने रुड़की के ढंडेरा अशोक नगर निवासी प्रतिभा सिंह और उसके एक साथी लक्सर के ग्राम हुसैनपुर निवासी शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने पूछताछ के दौरान बताया कि आपस में बातचीत के लिए एक साथी का नाम दाऊद रखा, ताकि पुलिस यह समझे कि वारदात में मुस्लिम युवक शामिल था। घटना वाले दिन कृष्णराज बस से मंगलौर पहुंचा। प्रतिभा उसे लेने के लिए सौरभ के साथ एक कार में रवाना होने लगी। तभी अर्जुन, दीपक, कार्तिक और शुभम ने कार रुकवा ली। शुभम और अर्जुन पीछे वाली सीट पर बैठ गए। कार सौरभ चला रहा था। इसके बाद सभी भगवानपुर हाईवे से पनियाला होते हुए अकबरपुर, झबरेड़ी, झबरेड़ा होते हुए मंगलौर-झबरेड़ा मार्ग पर पहुंचे। यहां कार का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद शुभम गाड़ी से उतरकर पेट्रोल लेने गया। इसके बाद प्रतिभा और सौरभ कार में बस अड्डे पहुंचे, जबकि अन्य आरोपित बाइक में सवार होकर निकले। प्रतिभा ने कृष्णराज से सौरभ का परिचय अपने भाई के रूप में कराया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक, कृष्णाराज का बैग, लूटे गए एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार भी प्रतिभा के किसी दोस्त की बताई जा रही है।


