
देहरादून, 27 फरवरी।
गणतंत्र दिवस एवं थलसेना कैंप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले उत्तराखंड विश्वविद्यालय की 29 यू.के. एन.सी.सी. बटालियन के कैडेट्स के सम्मान में विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेन्द्र जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और कहा कि देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित आरडीसी (गणतंत्र दिवस कैंप) एवं टीएससी (थल सेना कैंप) में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर कैडेट्स ने न केवल अपने और अपने परिवार का, बल्कि विश्वविद्यालय का भी राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया है।
सम्मानित छात्रों में हिमांशु जखमोला, उदय रेड्डी, सूरज नौटियाल, कृपाल सिंह, वैभव तिवारी, विराज पंत तथा अनन्या सैनी शामिल रहे।
अपने संबोधन में विश्वविद्यालय की उपाध्यक्ष अंकिता जोशी ने कहा कि उत्तराखंड विश्वविद्यालय की एनसीसी बटालियन ने अल्प समय में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां हासिल कर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने विशेष रूप से कैडेट आयुष गौड़ को बधाई दी, जिन्होंने एएफसीएटी में प्रथम स्थान प्राप्त कर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में सफलता पाई। साथ ही कैडेट आयुष भट्ट का चयन अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय अल्पाइन स्कीइंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा, एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. नितिन डुकलान, सूबेदार मेजर (अ.प्रा.) सर्वेश्वर प्रसाद, विरेंद्र कुमार कौल सहित बटालियन के कैडेट्स एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



