– वरदान संस्था की ओर से थराली ब्लॉक में शुरू किया गया स्वच्छ गांव स्वस्थ ग्रामीण अभियान
– सिमलसैण गांव से हुई अभियान की शुरुआत, ब्लॉक के सभी गांवों में आयोजित होगी स्वास्थ्य चौपाल
थराली (चमोली)। ग्रामीणों को साफ सफाई, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण और कूड़ा निस्तारण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वरदान संस्था ने स्वच्छ गांव-स्वस्थ ग्रामीण अभियान की शुरुआत की है। मंगलवार को थराली ब्लॉक के सिमलसैण गांव से अभियान की शुरुआत हुई। वरदान प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता से स्वास्थ्य और स्वास्थ्य से समृद्धि का मंत्र दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए संस्था के अध्यक्ष विनोद रावत ने बताया कि तीन माह के पायलट प्रोजेक्ट के तहत थराली ब्लॉक के सभी गांव में स्वास्थ्य चौपाल आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई और स्वच्छता को आदत में शामिल करना होगा, तभी हम स्वस्थ जीवनशैली को अपना सकेंगे। ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नवीन चन्दोला ने ग्रामीणों को व्यक्तिगत साफ-सफाई को लेकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अच्छे ढंग से हाथ धोना, दांतों, कपड़ों व नाखूनों की नियमित सफाई बेहद जरूरी है। यह छोटी-छोटी आदतें हैं, जो हमें अपने व्यवहार में लानी होगी। उन्होंने लोगों से कूड़ा इधर-उधर ना फेंकने और अपने आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को हाथ धोने का डेमो भी दिया।
महिला मंगल दल अध्यक्ष बीना देवी ने संस्था के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। इस तरह के जागरूकता का कार्यक्रमों से ग्रामीणों को बहुत लाभ मिलता है।
इस दौरान कार्यक्रम में मुन्नी देवी, हरमा देवी, प्रभा देवी, महेशी देवी, गोविंद देवी, कलावती देवी, पुष्पा देवी, अनीता देवी, माहेश्वरी देवी, आशा देवी, रोशनी देवी, तुलसी देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



