नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव से करीब 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर सभी शवों को बाहर निकाला।
हादसे में मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45), पुत्र वासु चुफाल (19), पुत्री रवी (12) निवासी खटीमा तथा चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) निवासी आलमनगर, लखनऊ के रूप में हुई है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



