21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने आवास पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है तथा इसे हर व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को विश्वभर में नई पहचान और सम्मान मिला है।
सीएम धामी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन और तनावमुक्त जीवन का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 21 जून को अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में भाग लेने और योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।



