व्यवस्थाधिकारी पद से मिली पदोन्नति, दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि में रहेगी नियुक्ति
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में कार्यरत व्यवस्थाधिकारी रामपाल सिंह रावत को पदोन्नत करते हुए सहायक निदेशक नियुक्त किया है। इस संबंध में मंगलवार को शासन की ओर से पदोन्नति आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, वेतन लेवल-7 (₹44,900–₹1,42,400) पर कार्यरत रामपाल सिंह रावत को नियमित चयन के बाद कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से सहायक निदेशक पद पर पदोन्नति दी गई है। पदोन्नति के साथ उन्हें वेतन लेवल-10 (₹56,100–₹1,77,500) का लाभ मिलेगा।
शासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि उनकी नियुक्ति दो वर्ष की निर्धारित परिवीक्षा अवधि के अधीन रहेगी। यह आदेश राज्यपाल की स्वीकृति के उपरांत जारी किया गया है।
शासन के सचिव शैलेश बगौली की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।



