1e26d96a-8d94-4d59-84b9-5720e131c624 d00ddca0-b0ed-41b4-ab3c-0a5a4d42b5f7 3aeb009d-3be2-4db8-8c61-36180f8e5aaa
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने ऋषिकेश में अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ पांच स्थानों पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। गंगा नगर से लेकर आमबाग तक बिना स्वीकृत मानचित्र के बन रही बहुमंजिला इमारतों को सील किया गया, जबकि कई बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
MDDA की प्रवर्तन टीम ने उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर सबसे पहले गंगा नगर स्थित परशुराम चौक के पास बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे बहुमंजिला भवन को सील कर दिया। इसके बाद आमबाग क्षेत्र में लगभग पांच बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। मौके पर बनाई गई सड़कों, भूखंडों के सीमांकन और अन्य निर्माण कार्यों को भी हटाया गया।
अभियान के अगले चरण में आमबाग स्थित गायत्री विला क्षेत्र और गली नंबर-2 में बिना स्वीकृति बनाए जा रहे दो अन्य बहुमंजिला भवनों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
MDDA का कहना है कि ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और नियमों के विरुद्ध निर्माण के खिलाफ आगे भी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अभियान जारी रहेगा।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सुनियोजित शहरी विकास सरकार की प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने नागरिकों से भवन निर्माण या भूमि विकास से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की।
Tags:
#MDDA #Rishikesh #BulldozerAction #IllegalConstruction #IllegalPlotting #BanshidharTiwari



