प्रदेश सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा (द्वितीय चरण) के तहत प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चैबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड एकेश्वर के मज्याडी, अमुली, ग्वाडमल्ला और पणखेत सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल एवं सशक्त संगठन की बैठकों में भाग लेने के साथ ही जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
इस अवसर पर सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है।
अपने भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विकासखंड एकेश्वर में 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 1.8 किलोमीटर लंबे मज्याडी–गोची गांव–पिलखेत मोटर मार्ग (द्वितीय चरण, स्टेज-सी) का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 20 लाख रुपये की लागत से विकासखंड मुख्यालय में बनने वाले टाइप-2 भवन के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया।
सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चैबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाएं क्षेत्र के विकास और पर्यटन को नई दिशा देंगी। वहीं सड़क निर्माण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और बड़ी संख्या में पंचायत भवनों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास हो रहा है तथा पंचायतें पहले से अधिक सशक्त बन रही हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और सेवा पखवाड़े के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया।



