सितारगंज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में सितारगंज विधानसभा क्षेत्र को बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। ग्राम सूर्यनगर और ग्राम शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गोला नदी पर 250 मीटर स्पान के पीएससी (प्रेस्ट्रेस्ड कंक्रीट) पुल के निर्माण के लिए ₹18.78 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
लंबे समय से इस पुल की मांग की जा रही थी। पुल बनने के बाद दोनों गांवों के बीच वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा। इससे हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। साथ ही लोगों के समय और परिवहन लागत में भी कमी आएगी।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि यह स्वीकृति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकासोन्मुखी विजन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और यह परियोजना सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
पुल निर्माण की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।



