देहरादून। सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में शुक्रवार को उत्तराखण्ड राज्य वन्यजीव बोर्ड की 23वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की, जिसमें वन मंत्री सुबोध उनियाल सहित बोर्ड के सदस्यों ने सहभागिता की।
बैठक में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही राज्य की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ संतुलित विकास सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए विकास और संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।



