डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सैंपलिंग, टेस्टिंग और जागरूकता अभियान तेज करने के दिए निर्देश
देहरादून। जिले को एचआईवी/एड्स मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने संक्रमण की रोकथाम, जांच और उपचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्णय लिया है। बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित ‘मिशन एड्स सुरक्षा’ अभियान की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने जनपद के हाई रिस्क क्षेत्रों की पहचान कर उनकी जीआईएस मैपिंग कराने, सैंपलिंग और एचआईवी टेस्टिंग बढ़ाने तथा संक्रमित मरीजों को समय पर उपचार से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्स वर्कर्स, ट्रांसजेंडर समुदाय, इंजेक्टिंग ड्रग यूजर्स, वाहन चालकों और प्रवासी आबादी जैसे संवेदनशील वर्गों में जागरूकता, काउंसलिंग और अर्ली टेस्टिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने एचआईवी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और आगामी बैठकों में पुलिस, शिक्षा व अन्य संबंधित विभागों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में 85,065 लोगों की एचआईवी जांच की गई, जिनमें 583 लोग एचआईवी पॉजिटिव पाए गए। सभी संक्रमितों को एआरटी केंद्रों के माध्यम से परामर्श और उपचार से जोड़ दिया गया है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, डीटीओ डॉ. मनोज कुमार वर्मा, डॉ. सुनीता हाडा, नोडल एआरटी डॉ. के.सी. पंत सहित स्वास्थ्य विभाग, एआरटी, आईसीडीसी और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
टैग्स:
#Dehradun #AshishChauhan #MissionAidsSuraksha #HIVAwareness #AIDSFreeDehradun #HealthDepartment #Uttarakhand #PublicHealth #HindiNews



