सीएम धामी बोले- ऐसे आयोजन उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में निभाएंगे अहम भूमिका
राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा और छपेली लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
हल्द्वानी/मुक्तेश्वर, 19 नवंबर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में भव्य गाला डिनर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों का स्वागत किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 जैसे आयोजन राज्य के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में इसका समापन होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले देश-विदेश के साइकिलिस्टों और पर्यटकों को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश के पर्यटन स्थलों और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी। साथ ही ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और साहसिक गतिविधियों की दृष्टि से अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन इन संभावनाओं को व्यापक मंच प्रदान करेंगे और उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल तथा नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक लोकनृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का मन मोह लिया।
राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर विशेष प्रस्तुति
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकप्रेम गाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से राजुला-मालूशाही के प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति के जरिए प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
इसके अलावा ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक नृत्य मुद्राओं के माध्यम से कुमाऊं की लोकपरंपराओं और पहाड़ी जीवनशैली को खूबसूरती से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
#Uttarakhand #MTBChallenge2026 #AdventureTourism #PushkarSinghDhami #UttarakhandTourism




