
60 से अधिक स्टॉलों में दिखी वैज्ञानिक उपलब्धियों और तकनीकी नवाचारों की झलक, विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, एरो मॉडलिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी को करीब से समझा
देहरादून, 19 नवंबर। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में गुरुवार को सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हुआ। विज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस फेस्टिवल में वैज्ञानिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को विज्ञान और तकनीक के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ने तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
डॉ. पंकज कुमार पांडे ने कहा कि साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल जैसे आयोजन केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं को नई सोच, शोध, नवाचार और तकनीकी संभावनाओं से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से वैज्ञानिक संस्थानों, विभिन्न संगठनों और शिक्षण संस्थानों को अपनी गतिविधियों, उपलब्धियों और नए प्रयोगों को साझा करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद करने तथा विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में हो रहे बदलावों को समझने का अवसर मिलना उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। इससे युवाओं को अपने करियर और नवाचार आधारित उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उत्तराखंड में जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं
कार्यक्रम में बायोटेक्नोलॉजी कंसोर्टियम इंडिया लिमिटेड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. पूर्णिमा शर्मा ने उत्तराखंड की जैव विविधता और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता की दृष्टि से बेहद समृद्ध राज्य है। यहां बायोटेक्नोलॉजी के विकास और अनुसंधान के लिए व्यापक अवसर मौजूद हैं। भारत सरकार की जैव प्रौद्योगिकी नीति में भी उत्तराखंड को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने इस क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए राज्य के विभिन्न संस्थानों और भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के बीच समन्वय और सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि संस्थागत सहयोग के माध्यम से राज्य की वैज्ञानिक एवं जैव प्रौद्योगिकी संबंधी क्षमताओं का व्यापक उपयोग किया जा सकता है।
आविष्कार और नवाचार के अंतर को विद्यार्थियों ने समझा
डीआईटी यूनिवर्सिटी के कुलपति जी.के. प्रभु ने विद्यार्थियों को नवाचार और आविष्कार के बीच अंतर को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि आविष्कार किसी नई वस्तु, विचार या तकनीक के निर्माण से संबंधित होता है, जबकि नवाचार उस विचार अथवा आविष्कार को उपयोगी बनाकर आम लोगों तक पहुंचाने और बाजार में उपलब्ध कराने की प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल नए विचार विकसित करने तक सीमित न रहने, बल्कि उन विचारों को व्यावहारिक रूप देने और समाज के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने अतिथियों का स्वागत किया और फेस्टिवल के उद्देश्यों तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में ऐसे आयोजनों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने निर्माणाधीन साइंस सिटी का भी निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
60 से अधिक स्टॉलों में प्रदर्शित हुए वैज्ञानिक मॉडल और तकनीकी नवाचार
फेस्टिवल में 60 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें विभिन्न वैज्ञानिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, स्टार्टअप्स और विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए मॉडल, शोध आधारित प्रोजेक्ट, तकनीकी नवाचार और प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र बने। इन स्टॉलों में ग्रामीण स्टार्टअप्स, यूकॉस्ट, एचटीपीआई, सिडकुल, पंतनगर विश्वविद्यालय, फिल्म विकास परिषद, नेशनल हाइड्रोग्राफर, एचडीआरएफ, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया और सगन पौधा केंद्र सहित कई संस्थानों की भागीदारी रही।
विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी अपने तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडल और नवाचार प्रस्तुत किए। इसके अलावा एफडीए की मोबाइल ऑन व्हील्स और टेलिस्कोप के माध्यम से विज्ञान एवं तकनीक से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया, जो विशेष रूप से विद्यार्थियों और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। प्रदर्शनी के माध्यम से प्रतिभागियों को विज्ञान के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ उसके व्यावहारिक उपयोग को समझने का अवसर मिला।
पोस्टर प्रतियोगिता से लेकर रोबोटिक्स वर्कशॉप तक रही विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी
फेस्टिवल के पहले दिन विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षणिक और व्यावहारिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें साइंस पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, एरो मॉडलिंग वर्कशॉप, रोबोटिक्स वर्कशॉप और साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस प्रमुख रहे। इन गतिविधियों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
साइंस पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में तीन श्रेणियों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के साथ सांत्वना पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 39 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। जीआरडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष प्रतीक और नैनीताल बैंक के मुख्य प्रबंधक नौटियाल ने विजेताओं को आकर्षक उपहार, पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए।
इसरो वैज्ञानिक ने विद्यार्थियों को दी स्पेस टेक्नोलॉजी की जानकारी
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण इसरो-आईआईआरएस के निदेशक डॉ. आरपी सिंह का विद्यार्थियों के साथ संवाद रहा। उन्होंने स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हो रहे नए नवाचारों और तकनीकी प्रगति के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान की संभावनाओं से परिचित कराते हुए इस क्षेत्र में शोध और तकनीकी विकास के महत्व को समझाया।
वहीं, रोबोटिक्स वर्कशॉप में पूर्व शिक्षा निदेशक आरपी गुप्ता ने विद्यार्थियों को आने वाले रोबोटिक युग और विभिन्न क्षेत्रों में रोबोटिक्स की बढ़ती उपयोगिता के बारे में बताया। स्मार्टकिट्स के प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को रोबोट बनाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स की बुनियादी तकनीकों को समझने के साथ स्वयं मॉडल तैयार करने में भी रुचि दिखाई।
दूसरे दिन साइंस क्विज, बायोटेक्नोलॉजी और ग्रीन एनर्जी पर होंगे विशेष आयोजन
फेस्टिवल के दूसरे दिन भी विज्ञान और तकनीक से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें साइंस क्विज, STEM वर्कशॉप, बायोटेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव, ग्रीन एनर्जी कॉन्क्लेव, मैजिक ऑफ मैथ, मॉडल रॉकेटरी वर्कशॉप तथा रूरल एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्टार्टअप कॉन्क्लेव प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को विज्ञान, गणित, जैव प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा, अंतरिक्ष विज्ञान और ग्रामीण उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कुल मिलाकर सातवां देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने, नए प्रयोगों को प्रोत्साहित करने और उत्तराखंड में नवाचार एवं तकनीकी उद्यमिता की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।




