
राजेंद्र अन्थवाल बोले- स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हुनर को मिले व्यापक बाजार, 22 नवंबर तक जारी रहेगी विकास प्रदर्शनी
देहरादून। रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव एवं उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी के तहत गुरुवार को उद्यमिता सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अन्थवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी और सेल्फ फाइनेंस इंस्टीट्यूट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेंद्र अन्थवाल ने कहा कि स्वदेशी महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यवसायों और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करते हैं। उत्तराखंड के स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक हुनर और उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजनों से छोटे उद्यमियों, किसानों, कारीगरों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को नई पहचान मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि संजय नेगी ने कहा कि स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देना प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से छोटे व्यापारियों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलते हैं। वहीं, डॉ. सुनील अग्रवाल ने युवाओं से रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच देते हैं।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया। महिला उद्यमियों, स्थानीय उत्पाद निर्माताओं, हस्तशिल्पकारों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों ने अपने उत्पादों एवं नवाचारों का प्रदर्शन किया। इससे उन्हें सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने और अपने उत्पादों के लिए बाजार तलाशने का अवसर मिला।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों, लोकनृत्यों और लोककलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन हो गया, जबकि स्वदेशी महोत्सव एवं उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी 22 नवंबर तक जारी रहेगी।
प्रदर्शनी में ग्राम्य विकास विभाग, उद्योग विभाग, यूपीसीएल, एमडीडीए, पिटकुल, उरेडा, यूजेवीएनएल, डेयरी विकास विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग और भारतीय मानक ब्यूरो सहित विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। इसके अलावा स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
आयोजकों ने प्रदेशवासियों से 22 नवंबर तक रेंजर्स ग्राउंड पहुंचकर महोत्सव में भाग लेने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना के साथ स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह, सुमन चौहान, ममता वर्मा, प्रवीण पुरोहित, सतपाल रावत, कमलदीप मेहरा, अंजलि भट्ट, पलक नौटियाल, रिया भट्ट, आधार वर्मा, विवेक सिंह, संध्या जोशी और पुनीत बग्गा सहित विभिन्न अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
#SwadeshiMahotsav #VocalForLocal #Uttarakhand #LocalEntrepreneurship #Dehradun #UttarakhandCulture




