हरिद्वार में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान को बताया कि उसके भाई की कृषि यंत्र सब्सिडी से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के लिए हरिओम यादव ने 10 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की और 18 अगस्त 2026 को आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तार सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव, पुत्र स्वर्गीय लाल सिंह, मूल रूप से प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार निवासी बताए गए हैं। वह वर्तमान में खानपुर विकासखंड, हरिद्वार में तैनात थे।
सतर्कता अधिष्ठान की ओर से आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



