अधिकारियों को जल्द सर्वे पूरा कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझाव भी किए जाएंगे शामिल
देहरादून, 18 नवंबर। टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रस्तावित बाईपास मार्ग के निर्माण की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग की मौजूदा स्थिति का जायजा लेने के साथ ही निर्माण से संबंधित प्रस्ताव और सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टपकेश्वर बाईपास मार्ग के निर्माण से जुड़ी सर्वे प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और जल्द से जल्द आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए और उनके सुझावों एवं क्षेत्र की आवश्यकताओं को भी योजना में शामिल किया जाए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों को भी नियमित रूप से इस मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने से कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बाईपास मार्ग का निर्माण होने से टपकेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इससे यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होने के साथ ही जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को जल्द इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, विष्णु गुप्ता, सारिका खत्री, मनोज क्षेत्री, आचार्य विपिन जोशी तथा लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता चंद्रकला सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags: #GaneshJoshi #TapkeshwarTemple #DehradunNews #UttarakhandNews #BypassRoad #TrafficManagement #UttarakhandGovernment




