कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी, डीएम ने विभागों को समन्वय और सुरक्षा चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश, होटल गॉडविन में प्रशासनिक टीम मुस्तैद, डीएम ने परखी सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं, मांगे सेफ्टी सर्टीफिकेट, होटल गॉडविन के संपर्क मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता सुनिश्चित करने के दिए कड़े निर्देश, डीएम के सख्त निर्देश, आज शाम तक पूरी हों सभी व्यवस्थाएं
d9a14db7-617c-4cb5-86be-31c2914e6a82 6f30eb85-672d-4e10-a6ac-fb0925805768 589a94f0-ee90-4524-8f08-f04451137c26 f8fb0982-d962-412c-9df5-f3c4083d407f 6fe62e22-d8cc-4774-8a30-c2911030181c 4b81d606-e5bb-4a42-87a6-9dd6ff724a50 4fcdc5db-914a-429a-9a05-ed198964afe6 5f4990f7-f02c-4b8c-ac14-a7e13e144e6f d751f572-4e7f-4f1e-accb-571348f91fd8
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 07 मार्च को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे से एक दिन पूर्व देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने डोईवाला से लेकर हरिद्वार जनपद की सीमा तक सुरक्षा और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रायवाला स्थित होटल गॉडविन का भी दौरा किया, जहां केंद्रीय गृहमंत्री अल्प विश्राम करने के साथ पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। जिलाधिकारी ने एसएसपी के साथ होटल तक जाने वाले संपर्क मार्ग और होटल परिसर की आंतरिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने होटल में विद्युत व्यवस्था, एयर कंडीशनिंग, फायर सेफ्टी, लिफ्ट, ग्रीन रूम, रेस्ट रूम, मीटिंग हॉल और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने होटल प्रबंधन को तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को जेनसेट के साथ वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी स्थिति में कार्यक्रम प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आज शाम तक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश देते हुए लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से सेफ्टी सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की चूक न हो।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने होटल गॉडविन तक जाने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को संपर्क मार्ग पर विशेष सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर उत्तराखंड में पिछले चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों, संचालित तथा प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
जिला प्रशासन के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगश मेहरा सहित सड़क, विद्युत, पेयजल, फायर सेफ्टी आदि विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।



