खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर नवविवाहित दंपतियों को सुखमय दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्यादान को महादान की संज्ञा दी गई है। यह केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और संस्कारों की जीवंत मिसाल है। ऐसे पुण्य एवं कल्याणकारी कार्य का साक्षी बनना तथा उसमें सहभागी होना अत्यंत सुखद और आत्मिक संतोष प्रदान करने वाला अनुभव है।
समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कई जोड़ों ने विवाह संस्कार संपन्न किए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से की गईं तथा नवदंपतियों को आशीर्वाद स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए।
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह ने समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया और सामूहिक सहयोग एवं सनातन परंपराओं की महत्ता को पुनः स्थापित किया।



